Tuesday, August 10, 2010

असावधान भाषा की सांस्कृतिक ठेस



वि‍भूति नाराण राय - ज्ञानोदय विवाद पर प्रसिद्ध चित्रकार और कथाकार प्रभु जोशी का आलेख

सुपरिचित कथाकार और सम्प्रति महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति श्री विभूतिनारायण राय ने ज्ञानपीठ से प्रकाशित होने वाली पत्रिका 'नया ज्ञानोदय' के 'सुपर बेवफाई' विशेषांक में प्रकाशित एक साक्षात्कार में 'समकालीन स्त्री विमर्श' के केन्द्र में चल रही 'वैचारिकी' पर अपनी समझ को बेबाकी से प्रकट करने के लोभग्रस्त उत्साह में टिप्पणी करते हुए यह कह डाला कि लेखिकाओं का एक ऐसा वर्ग है, जो अपने आपको बड़ा 'छिनाल' साबित करने में लगा हुआ है। कदाचित् यह टिप्पणी उन्होंने कुछेक हिन्दी लेखिकाओं द्वारा लिखी गई 'आत्म कथात्मक' पुस्तकों को ध्यान में रख कर ही की होगी। क्योंकि, आगे चल कर उन्होंने कथन को और अधिक युक्ति-युक्त बनाने के लिए यह भी जोड़ा कि यदि उनके उस 'रचे हुए' को 'कितने बिस्तरों में कितनी बार' जैसा शीर्षक दे दिया जाता, तो कदाचित् और अधिक संप्रेष्य समुच्चय बनता।

बहरहाल, इसको लेकर दो तीन दिनों तक 'प्रिण्ट' और 'इलेक्ट्रॉनिक' दोनों ही मीडिया में बड़ा बवण्डर खड़ा हो गया। देश और राजधानी गर्मा उठे। भाषा कलंक की थी नतीजतन ये तो होना ही था। लेकिन, हिन्दी भाषा-भाषी समाज में यह वक्तव्य अब चौंकाने वाला नहीं रह जाना चाहिए और ना ही इस शब्दावलि से अब कोई अतिरिक्त 'सांस्कृतिक-ठेस' नहीं लगना चाहिए। क्योंकि, 'कल्चर-शॉक' का वह कालखण्ड लगभग अब गुजर चुका है। हम सांस्कृतिक-अवसाद से बाहर आ रहे हैं। अब फूहड़ता के लिए भूख बढ़ी है।

उत्तर औपनिवेश समय ने हमारी भाषा के 'सांस्कृतिक स्वरूप' को इतना निर्मम और अराजक होकर तोड़ा है कि 'सम्पट' ही नहीं बैठ पा रही है कि कहां, कब क्या और कौन-सा शब्द बात को 'हिट' बनाने की भूमिका में आ जायेगा। हमारे टेलिविजन चैनलों पर चलने वाले 'मनोरंजन के कारोबार' में भाषा की ऐसी ही फूहड़ता की जी-जान से प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है। वही सबसे ज्यादा बेची जा रही है। 'भीड़ू', 'भड़वे', 'कमीने', बास्टर्ड और 'इडियट' शब्द 'नितान्त' 'स्वागत योग्य' बन गये हैं। 'इश्क-कमीने' शीर्षक से फिल्म चलती है और वह सबसे ज्यादा 'हिट' सिध्द होती है। संवादों में गालियां संवाद का कारगर हिस्सा बनकर शामिल हो रही हैं। 'भैन्चो(द)' को 'रैन्चो' की ध्वनि-साम्य में बदल कर फिल्मों में चलाया जा रहा है। 'अब एफ.एम. में आर.जे. कान में डंडा करता है।' यह गाली का भाषा में चालाकी से किया गया नया प्रक्षालन है। इसलिए 'छिनाल' या 'छिनाले' शब्द से हिन्दी बोलने वालों के बीच तह-ओ-बाल मच जाये, यह क्वचित अतार्किक जान पड़ता है। क्योंकि मोबाइल के एस.एम.एस. में 'चुड़ैल' शब्द रोमन लिपि में बदलने पर ज्यादा बड़ी यौन केन्द्रित अपशब्द का काम करने लगता है। कहना चाहिए कि इस 'विस्मृति' के दौर में 'भाषा की भद्रता' को अभद्र मसखरी में बदल जा रहा है, वहां ऐसे शब्दों को लेकर 'बहस' हमें यह याद दिलाती है कि आखिर हम कितने दु-मुंहे और निर्लज्ज हैं कि एक ओर जहां हम खुद आगे रह कर 'स्लैंग' की शब्दावलि के लिए हमारे जीवन में फिल्म तथा मीडिया द्वारा संस्थागत रूप से जगह बनाने का काम कर रहे हैं, तो फिर अचानक इस फूहड़ता पर आपत्तियां क्यों आती हैं ?

चौंकाता केवल यह है कि एक सुपरिचित लेखक अपने वक्तव्य में ऐसी असावधानी का शिकार कैसे हो जाता है ? दरअस्ल, वह कहना यही चाहता था कि आज के लेखन में यौन-संबंधों की बहुलता स्त्री के साहस का 'अलंकरण' बन गया है। विवाहेत्तर संबंधों की विपुलता का बढ़-चढ़ कर बखान 'स्त्री की स्वतंत्रता' का प्रमाणीकरण बनने लगा है। यह कुछ नहीं सिर्फ केलि-कला का नया और खुला अभ्यास है, जो शताब्दियों पहले 'खो' दिये गये या 'छीन' लिये गए, 'देह के स्वामित्व' को लौटा रहा है। यह दाम्पत्य की परम्परा के पास 'रेहन' रख दिये को छुड़ा लेना है। वह 'लीगलाइज्ड प्रॉस्टीटयूशन' से बाहर आ रही है। यह वहां मरने और मरते रहने की विवशता के बाहर जीने की तमन्ना' है। विपरीत रति दैहिकता की शिश्न केन्द्रितता से प्रतिशोध का प्रदर्शन बन रही है। परिवर्तित परिवेश में उसकी यह 'प्रीतिकर' पर्फार्मेंस है।

जब वह कह रही है तो सही कह रही है कि पुरूष ईष्या से भर गया है, क्योंकि जो पहले 'पुरूष' (पर-स्त्री गमन) कर सकता था, अब उसे वह कर रही है 'पर-पुरूष गमन'। उसमें उसे प्रतिशोध की तुष्टि और उसका आनंद हासिल हो रहा है। वह इस सुख पर न्यौछावर होना चाहती है। अपने शयनकक्ष के 'कृत्य' को साहित्य में उसके 'कृतीत्व' की तरह स्वीकारे जाने की जिद कर रही है। उसकी आलोचना, अवमानना न बने, इसका अदम्य आग्रह है। पेरिस हिल्टन ने अपने पुरूष मित्र के साथ शयन में की गई 'केलि-कथा' को 'दृश्य भाषा' में रखकर सबके लिए सुलभ बना दिया। भारतीय विदूषी पीछे क्यों रहे ? अत: वह शब्द में रख रही है। यह उसके साहस के अनुरूप एक संभव जल-सुलभीकरण है। 'निजता' के 'स्याह' के 'सार्वजनीकरण' का श्वेत-पत्र है। शयन कक्ष का ऐन्द्रिक सुख भाषा में अभिव्यक्त होकर 'बहुजन सुखाय' में बदल गया है।

हालांकि, इस पर अलग से विस्तार और गंभीरता से बात की जा सकती है। क्योंकि इन दिनों हिन्दी साहित्य में स्त्री-पुरुष संबंधों में 'एकनिष्ठा' को स्त्री का शोषण 'माना' और 'बताया' जाने लगा है। खासकर हिन्दी कथा साहित्य में तो यह हो गया ही है कि निष्ठा की बिदाई सामाजिक जीवन से पहले साहित्य में हो गई है। जो अब सराहना बटोर रही है।

कविता में भी है कि 'उत्तर आधुनिक बेटी', अपनी मां को दूसरे प्रेमी के लिए कांच के सामने श्रृंगार करते देखती है तो प्रसन्नता से भर उठती है। मां के इस आचरण पर यह एक मुग्ध पुत्री है। उसे मां के एक 'अन्य पुरूष' से होने वाले संबंध पर आपत्ति नहीं है। बल्कि वह आह्लादित है। ऐसी कविता सामाजिक जीवन में एक 'नई स्त्री की खोज' बन रही है तो दूसरी तरफ कथा साहित्य में 'निष्ठा' एक घिसा हुआ शब्द हो चुका है। निष्ठा से बंधी स्त्री को 'मॉरल फोबिया' से ग्रस्त स्त्री का दर्जा दे दिया जाता है। याद दिलाना चाहूंगा, यौन संबंधों की बहुलता को शौर्य बनाने की युक्ति का सबसे बड़ा टेलिजेनिक प्रमाण था, कार्यक्रम 'सच का सामना'। जिसमें मूलत: 'सेक्स' को लेकर अंतरंग को अनावृत करने वाले सवाल किये जाते थे और जिसने विवाहेत्तर यौन संबंधों की बहुलता का बखान कर दिया, वह पुरस्कार के प्राप्त करने का सबसे 'योग्य दावेदार' बन जाता था। कार्यक्रम में बाजार में माल बेचने के लिए नियुक्त 'एंकर' की ललकार उठती-डोण्ट हेजिटेट! यू आर विक्टिम ऑफ मॉरल फोबिया। कम आउट ऑफ दिस पिट। अर्थात् आ, तू आ, लिहाज और शर्म जैसे वासांसी जीर्णानि फेंककर धड़धड़ाती आ। हम दर्शक को तेरे शयन कक्ष के एकांत को 'अनेकांत' बना रहे हैं। तू 'सच का सामना कर'। दुर्भाग्य से टुच्चे और कुण्ठित लोगों ने इस कार्यक्रम को आखिर बंद करवा के दम लिया। दुर्भाग्यवश इसमें भारत की संसद भी शामिल हो गई। परिणामस्वरूप मुक्ति के दरवाजे की तरफ की दौड़ स्थगित हो गई।

बहरहाल, इसी तरह के घसड़-फसड़ समय को जाक्स देरिदा ने कहा है, 'टाइम फ्रैक्चर्ड एण्ड टाइम डिसज्वाइण्टेड'। यानी चीजें ही नहीं, भाषा और समाज टूट कर कहीं से भी जुड़ गया है। भाषा से भूगोल को, भूगोल को भूखे से और भूखे का भगवान से भिड़ा दिया जाता है। इसे ही 'पेश्टिच' कहते हैं। मसलन, अगरबत्ती के पैकेट पर अब अर्ध्दनिवर्सन स्त्री, 'देह के चरम आनंद' की चेहरे पर अभिव्यक्ति देती हुई बरामद हो जाती है। अब अगरबत्ती के पैकेट और कण्डोम के पैकेट का एक ही नाम है 'फीलिंग्स'। बहुत मुमकिन है कि एक दिन कहीं सिंदूर बेचने की किसी दूकान का दरवाजा देह-व्यापार की इमारत में खुल जाये। पहले मंदिर जाने के बहाने से प्रेमी से मिला जाता था, लेकिन अब मंदिर प्रेम के लिए सर्वथा उपयुक्त और सुरक्षित जगह है। वहां हनुमानियों को अपने इष्ट के चेहरे से ज्यादा लो-वेस्ट जींस में झुक कर शीष नवाती युवतियों के 'पृष्ठ-दर्शन' ज्यादा होते हैं। कहने का अर्थ एक नया सांस्कृतिक घसड़-फसड़ (हमबग) चल रहा है, जिसमें बाजार एक 'महामिक्सर' की तरह है, जो सबको फेंट कर 'एकमेक' कर रहा है। अब शयनकक्ष चौराहे पर है। और बकौल फिल्म लेखक, गुलजार के 'बाजार घर' में घुस गया है। समाज में एक नया 'पारदर्शीपन' गढ़ा जा रहा है, जिसमें भीतर का सब कुछ बाहर दिखायी दे रहा है और नई पीढ़ी उसकी तरफ अतृप्त प्यास के साथ दौड़ रही है और अधेड़ पीढ़ी 'सांस्कृतिक अवसाद' में गूंगी हो गई है। उसकी घिग्घी बंध गयी है। और, शायद सबसे बड़ी घिग्घी 'भाषा के भदेसपन पर बंधी हुई है। अंतरंग को 'बहिरंग' बनाती भाषा के चलते ही, लम्पट-मुहावरे अभिव्यक्ति का आधार बन रहे हैं। और इस पर सबसे ज्यादा सांस्कृतिक ठेस हमारी उस भद्र मध्यमवर्गीय चेतना को लग रही है, जो कभी-कभी मीडिया अपने आर्थिक हित में जागृत कर लेता है। मसला टी.आर.पी. का बन जाता है। अगर मोबाइल पर युवाओं के बीच की बात को लिखित रूप में प्रस्तुत कर दिया जाये तो हम जान सकते हैं कि भाषा खुद अपने कपड़े बदल रही है। उसे कुछ 'ज्ञान के अत्यधिक मारे लोग' भाषा की 'फ्रेश लिग्विंस्टिक लाइफ' कह रहे हैं। लेकिन, संबंधों को लम्पट भाषा के मुहावरे में व्यक्त किया जा रहा है। ऐसी भाषा के लिए मोबाइल एक तकनीकी आश्रय है। प्रणय निवेदन के दिन लद गये। प्रस्ताव पुराना हो चुका। प्लास्टिक-सेक्चुअल्टी के युग में अब स्पष्ट डिमाण्ड है : 'बेबी, आय वाण्ट टू रॉक योर साफ्ट स्पॉट'। गर्ल्स होस्टलों में 'डोण्ट टेल इट टू योर मॉम' जैसी पोर्न फिल्म सर्वाधिक पापुलर है, जिसमें मां की अनुपस्थिति में पिता अपनी बेटी को लोलिता की तर्ज पर राजी कर रहा है। इनसेस्ट में 'थ्रिल' को पहचाना जा रहा है। 'फक्ड' शब्द अब युवतियों के बीच भी 'कोलोक्वअल' है। शीतल पेय की एड फिल्म के डायरेक्टर भद्र-भाषा में सीन समझाते हुए मॉडल को कहता है, पेय की पीने के बाद क्लोज शॉट में 'आय वाण्ट एन एक्सप्रेशन ऑफ फक्ड ऑन फेस'। महानगरीय समाज के युवा वर्ग में यौन-सक्रियता तेज हो चुकी है। वे कहते है, 'वी डोण्ट टॉक ऑन सेक्स, वी जस्ट डू इट'। यह सहज और संकोच विहीन स्वीकृति है। सनसनी नहीं, यह रोजमर्रा है। माण्डेन् है। इसलिए, यौन संबंधों की बहुलता को अपशब्द में परिभाषित करने वाला शब्द 'छिनाल' क्रोध और घ्रणा की मात्र भाववाचक संज्ञा से ज्यादा नहीं है। अब तो नैन्सी फ्रायडे के उपन्यासों के सीधे-सीधे संवाद हैं- 'ब्लडी निम्फोमेनिक बिच, रेडी टू बी फक्ड ऑन द स्ट्रीट'।


दरअस्ल, विभूतिनारायण राय अपनी अभिव्यक्ति में असावधान भाषा के कारण, भर्त्सना के भागीदार हो गये हैं। क्योंकि, वे निष्ठाहीनता को लम्पटई की शब्दावली के सहारे आक्रामक बनाने का मंसूबा रख रहे थे। शायद, वे साहित्य के भीतर फूहड़ता के प्रतिष्ठानीकरण के विरूद्ध कुछ 'हिट' मुहावरे में कुछ कहना चाहते थे। मगर, विभूति भैया भोले निकले और भूल गये। जो 'कर्म' में 'करणीय' है, वह 'वाक्' में वर्ज्य। भाषा में वर्जनाओं की अदृश्य रस्सियां बंधी रहती हैं। दौड़ते समय उन्हें फलांगना नहीं आया। मारक और मर्मभेदी मोमेण्टम में थे। ध्यान धरा नहीं और धड़ाम से धराशायी हो गये। एक लेखक को यह नहीं भूलना चाहिए कि जो वाणी का पुजारी होता है, वही वाणी की वजह से वध्य बन जाता है। याद दिलाने की जरूरत नहीं कि बड़े-बड़े युद्धों के आरंभ और अंत हथियारों से नहीं, वाणी से ही होते हैं। एक लेखक को शब्द की सामर्थ्य को पहचानना चाहिए। और उसके अर्थान्तरण को भी समझना आना चाहिए। 'सूअर' के बजाय 'वराह' के प्रयोग से शब्द का अर्थ मिथकीय दार्शनिकता में चला जाता है। भाषा की यही तो सांस्कृतिकता है। इसे फलांगोगे तो औंधे मुंह आप और आपका व्यक्तित्व दोनों ही एक साथ गिरेंगे और लहूलुहान हो जायेंगे। जख्म पर मरहम पट्टी लगाने वालों के बजाय नमक लगाने वालों की तादाद ज्यादा बड़ी होगी।

ऊपर प्रभु जोशी की चित्रकृति टाइम फ्रैक्‍चर्ड और नीचे प्रभु जोशी

Wednesday, August 4, 2010

तुम कौन सा लोक में है रे

मेरी पिराबलम बोले तो मालूम क्या है? कागज बहोत खाया तो मतलब उसमें बी अखबार ई च बहोत होता है। अखबार तो नाम ही है कि A to Z खबर ही खबर रहेंगा। उसकू अंदर में भी अच्छा खबर तो मिलता नहीं है। सब बुरा ही च बुरा खबर रहता है। एक बार मालूम है, इस दुनिया का सारा अखबार को न एक आदमी मंगल ग्रह पर ले के गया। तो मालूम है मंगल वाले ने जभी पढ़ा न वो अखबार को, तो वो लोग डर गए सब के सब। बोले तो, खबर है सरकार की मक्‍कारी का। जिसको ये लोग लिखते है लाचारी। बम फटने का। विस्फोटक मिलने का। एक्सीडेंट का। जान से मार देने का। बहू को जला देने का। लड़की लोग का इज्जत लूटने का। वो क्‍या बोलता है आनर किलिंग का। चोरी चपाड़ी तो छोड़ ई च दो। बाढ़ और सूखे का खबर तो होना ही होना। मतलब कुदरत का लाफा तो मंगल ग्रह पर भी लगता है। बोले तो भूकंप आता है, सुनामी आता है, बाढ़ आता है। पर आदमी का भेजा से निकला क्राइम। बाप रे बाप! मंगल वाले का हवा ई च निकल गया। वो बोला अरे बाप!! ये पृथ्वी लोक में आदमी रहते हैं कि राकशस रहते हैं। वो डर गया रे!! और पृथ्वी पर आ के घर बनाने का आइडिया ही उन लोग ने छोड़ दिया। बोले हम इदर ई च ठीक है। लाल रंग के हैं तो क्या हुआ। यह हरा और नीला रंग का पृथ्वी तो बम का माफिक है रे बाप!!!

Friday, July 30, 2010

खामोश! बारि‍श जारी है



जो भी मुंबई आता है उसे पहली ही बरसात में प्रेक्टिस हो जाती है कि अगर कहीं फंसे तो कई घंटों तक बुद्ध बनकर यथावत रहने के लिए तैयार रहो। जूते की दुकानों में अगर प्लास्टिक के जूते चप्पल इफरात में लटकते दिखनें लगें तो समझ जाइए बरसात आने वाली है। हर कोई अपने लिए एक जोड़ी चप्पल, जूता, सैंडल हर साल लेता है। न ले तो मेरे जैसा हाल हो जाए। पहली बरसात में चमड़े के जूते पहन कर सड़क पर उतर गया था। किंग्ज सल स्टेशन पहुंचे तो हार्बर लाइन बंद। माटुंगा रोड तक चल के जाना तय हुआ। एक साथी ने पहला काम किया, मुझे बरसाती पन्ही खिरदवाई। जूते की जोड़ी प्लास्टिक में लपेट कर बगल में खोंसी और पानी में खच्च-खच्च आवाज निकालते हुए चल पड़े। अंग्रेजी के जेड आकार का लोहे का लाल पुल पार करके वेस्टर्न लाइन के स्टेशन माटुंगा रोड पहुंचे। उन दिनों मैं आकाशवाणी में काम करता था। मुंबई में नया नया आया था। शहर अभी बेगाना और डरावना भी लगता था। डरपोक बच्चे की तरह किसी न किसी सहकर्मी की अंगुली पकड़ के चलता था। पहली बरसात में साथी के अलावा एक जोड़ी जूता भी हाथ में था। रेंगती हुई ट्रेन में महालक्ष्मी तक पहुंचे। उसके आगे पटड़ियां पानी में डूबी हुई थीं। टैक्सी ली। आठ बजे के चले हुए करीब बारह बजे दफ्तर पहुंचे। मैं देर से पहुंचने और नया अनुभव पाने से बड़ा खुश था।

एक बार आधी रात में बरसात में फंस गया। कवि विजय कुमार से शाम को सात बजे के करीब सायन स्टेशन पर मिला। ग्यारह बजे तक गप्पें मारते रहे। बारिश रुकी नहीं। फिर से दूसरे रेस्टोरेंट में बारह बजे तक बैठे रहे। उसके बाद लगा, अब तो चलना ही होगा। उन्हें स्टेशन पर छोड़ा। खुद एंटापहिल के लिए टैक्सी ली। जरा सी देर में टैक्सी वाले ने हाथ खड़े कर दिए। उतर कर पैदल चलना शुरू किया। कोलीवाड़ा हो के एंटापहिल के सैक्टर सात के लिए। घुटने-घुटने पानी में। आधी रात का वक्त। याद नहीं रास्ते में कोई मिला हो। गनीमत कि स्ट्रीट लाइट जल रही थी। करीब दो किलामीटर खुद को लकड़ी के ह्लाुंँदे की तरह ठेलते हुए घर पहुंचा। रात डेढ बजे।

पर सन् 2005 की बरसात तो एक हादसे की तरह घटी। उस दिन मैं अपने बड़े भाई भाभी और भतीजे को राजधानी एक्सप्रेस में बिठाने निकला था। टैक्सी ने एक किलोमीटर बाद ही हिम्मत हार दी। हम लोग जोगेश्वरी स्टेशन गए। उनके कपड़े के बैग वहीं पर भीग कर मन-मन भर के हो गए। लोकल ट्रेन में बैठ तो गए पर वो अंधेरी भी नहीं पहुंच सकी। अंधेरा होने लगा तो ट्रेन से कूदे और वापस जोगेश्वरी स्टेशन चल कर आ गए। वहां मेला लगा था। सामने सड़क पर खड़ी मोटरबाइक का सिर्फ हैंडल दिख रहा था। बड़ी देर बाद अक्ल आई कि पटड़ी-पटड़ी चलो, हमारा घर तो ट्रैक से सटा हुआ है। लोग चल ही रहे थे। हमने भी अटैची सिर पर लादे, बैग कंधे पर लटकाए और लौट चले। खुशकिस्मत थे, सही सलामत घर पहुंच गए। हमारी पड़ोसी की बेटी सांताक्रूज में अटक गई थी। वो अंधेरे में पैरों के चप्पू चलाते हुए गईं और जिगर के टुकड़े को ले के आईं। एक और पड़ौसी की पत्नी अगली सुबह घर पहुंची। अनगिनत लोग अगली सुबह ही घर पहुंच पाए। कुछ तो पहुंच ही नहीं पाए। हमारे इलाके में भैंसों के तबेले हैं। रात भर भैंसों के पगुराने की आवाजें आती रहीं। बेकली भरी। सुबह मेन रोड तक गए तो मंजर खौफजदा था। तबाही मची हुई थी। नाला कई कुछ बहा के ले गया था। भैंसों के फूले हुए शरीर छोड़ गया था। हारे हुए सिपाहियों की तरह लोग लौट रहे थे।

मुंबई जब भी किसी मुश्किल दौर से गुजरती है, उसकी चेतना जाग उठती है। इस बार भी लोगों ने लोगों की खूब मदद की थी। पानी, चाय, नाश्ता, सहारा, हिम्मत, शरण, जो जिसके बस में था, दिया। आज भी मन ही मन शायद हर कोई यह कामना करता है कि बरसात आए, झूम के आए पर उस तरह का कहर न बरपाए।

चित्र - हरबीर

इस टिप्‍पणी का संपादित अंश कादम्बिनी के जुलाई अंक में देखा जा सकता है.

Thursday, July 15, 2010

शिक्षा का अधिकार - उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की उम्‍मीद


सूचना के अधिकार के बाद शिक्षा का अधिकार भी हमारे बुनियादी हकों में शामिल हो गया। महिला आरक्षण विधेयक भी कानून बनने की प्रक्रिया में है। ये ऐतिहासिक निर्णय हैं जो आने वाले समय की दिशा और दशा तय करेंगे। इन्हें हमारे सामाजिक जीवन की एक नई सकारात्मक शरुआत भी माना जा सकता है। ऊपरी तौर पर यह मामूली से निर्णय लगते हैं लेकिन सूचना के अधिकार की ही मिसाल लें तो यह एक ऐसा शक्तिशाली हथियार साबित हो सकता है जिसके बल पर सत्ता के लौह द्वार को खोलना भले ही संभव न हो, पर उसे जालीदार तो बनाया ही जा सकता है। शर्त यही है कि इस कानून का गलत इस्तेमाल करके इसे काउंटर-प्रोडक्टिव न बना दिया जाए।
जहां तक शिक्षा की बात है, शिक्षा इन्सान की कैमिस्ट्री ही बदल देती है। जीवन तो कुदरत से मिल जाता है पर जीवन जीने का सलीका शिक्षा देती है। यह हमारा दुर्भाग्य रहा है कि आज तक शिक्षा सबके लिए समान स्तर पर उपलब्ध नहीं रही। इसका व्यापक जन हित में उपयोग नहीं हो पाया। विशेषाधिकार के तौर पर दुरुपयोग ज्यादा किया गया। ऐसे में शिक्षा का यह बुनियादी अधिकार हमारी विकासयात्रा में एक मील का पत्थर साबित हो सकता है।
हमारे देश में जब आधुनिक शिक्षा व्यवस्था गांव-गांव में दस्तक दे रही थी, उसी समय उच्च-भ्रू लोगों के लिए अंग्रेजी पब्लिक स्कूलों की संस्कृति भी अपनी जड़ें जमा रही थी। आखिर अंग्रेज और उनके हाकिम यह कैसे बर्दाश्त कर सकते थे कि भारतीय देहाती और गंवारों के बच्चे उनके बच्चों की बराबरी करें। इसलिए दो तरह की शिक्षा व्यवस्था बनायी गयी जो आज तक अपने दोनों उद्देश्यों को पूरा कर रही है। एक तो यह कि आभिजात्य वर्ग की ऐंठन बरकरार रहे। उसकी संतानें नौकरों की संतानों की छूत से दूर रहें। दूसरे, पीढ़ी दर पीढ़ी मालिकों की संतानें मालिक, और नौकरों की संतानें नौकर बनती रहें। आजादी के बाद जैसे-जैसे मध्य वर्ग अमीर होता गया, अंग्रेजी पब्लिक स्कूलों की संस्कृति सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को तोड़ती गयी। और आज यह मरणासन्न अवस्था में है। इसके बरक्स देश के हर गली-कूचे में आपके बजट की शिक्षा की दुकान उपलब्ध है। ऐसे में शिक्षा के मौलिक अधिकार का कानून शायद सरकारी स्कूलों के लिए संजीवनी का काम कर जाए।
दरअसल होना तो यह चाहिए कि शिक्षा के अधिकार के साथ-साथ शिक्षा में बराबरी की बात की जाए। एक जैसी शिक्षा ही समतामूलक समाज का आधार रख सकती है। आज भी एक तरफ टाट-पट्टी पर और पेड़ के नीचे चलती वर्नाकुलर (देसी भाषाओं के लिए औवनिवेशिक गाली) यानी देसी भाषाओं की पाठशालाएं हैं जो बच्चों के साथ खिलवाड़ के सिवा शायद ही कुछ करतीं हों। दूसरी तरफ विदेशी बोर्डों के पांच सितारा स्कूल हैं जो विदेश जाने के एक्सक्लूसिव हाई-वे का काम करने वाले हैं। शिक्षा के सांस्कृतिक पहलू पर नजर डालें तो भारतीय शिक्षा का लार्ड मैकाले का प्रयोग पूरी तरह से सफल रहा है। उनकी शिक्षा व्यवस्था ने हमारे भीतर की भारतीयता का अंग्रेजीकरण कर दिया है। अब तो हमारी सारी सांस्कृतिक और भाषाई विरासत संकट में है। इस महादेश की बहुसंख्या खेतीबाड़ी पर निर्भर रही है। काश! हमारी शिक्षा दस हजार साल पुराने इस पारंपरिक पेशे को इज्जत से देखने का संस्कार दे पाती। शिक्षा ने अपने ही समाज को अपनी ही नजरों से गिराने का गुनाह किया है और बाबूगिरी की झूठी अकड़ सिखाई है। हमें ऐसी शिक्षा व्यवस्था बनानी होगी, जो आधुनिक शिक्षा संदर्भों का भारतीयकरण करते हुए उन्हें हमारी शिक्षा और जनजीवन का हिस्सा बनाए।
शिक्षा के कानून को लागू करने के लिए भौतिक संसाधनों की जितनी जरूरत है, शिक्षा के सच्चे अर्थों की तलाश और उन पर अमल करने की उससे कहीं ज्यादा जरूरत है। सरकारी, गैर सरकारी और निजी क्षेत्र को मिलकर यह भगीरथ प्रयास करना होगा। जहां जहां, जो जो एजेंसी अच्छा काम कर रही है, उसके लिए और ज्यादा काम करने का माहौल मुहैया कराना होगा। आने वाले दशकों में भारत की युवा जनसंख्या विश्व में सबसे ज्यादा होने वाली है। युवा वर्ग को शिक्षा से ही सशक्त बनाया जा सकता है। अखिल समाज को अपने बच्चों को सुशिक्षित और चेतनासंपन्न व्यक्ति बनाने का संकल्प लेना होगा।
पिछले दिनों प्रेमकुमार धूमल के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने पहाड़ी भाषा को आठवीं अनुसूची हेतु अनुमोदित करने का प्रस्ताव बहुमत से पारित कर दिया (हालांकि विपक्ष उस समय सदन में मौजूद नहीं था)। प्रदेश के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है। देर आयद् दुरुस्त आयद्। पहाड़ी में लिखित साहित्य कम है पर वाचिक परंपरा का खजाना भरा हुआ है। उसे अक्षुण्ण रखने की जिम्मेदारी हम सब पर है। अब प्रदेश की सरकार और जनता को अगली रूपरेखा बना लेनी होगी। हमारा प्रस्ताव है कि इसे पहाड़ी ही कहा जाए। जम्मू में डोगरी है, उत्तराखंड में गढ़वाली कुमांउनी। पहाड़ी हिमाचल की ही है। दूसरे, जितना जल्दी हो, विश्वविद्यालय में पहाड़ी भाषा अध्ययन केंद्र बनाया जाए। तीसरे, भाषा संस्कृति अकादमी को सरकारी चंगुल से मुक्त करके नवजीवन प्रदान किया जाए। हिमभारती को नियमित और मासिक पत्रिका बनाकर पेशेवर हाथों में सौंपा जाए। युवा महोत्सवों और फैस्टिवलों में पहाड़ी भाषा को जगह दी जाए। रचनात्मक साहित्य के लेखन, प्रकाशन और विपणन की व्यावहारिक कार्य योजना बनाई जाए और लागू की जाए।
इस अंक में शिक्षा का अधिकार कानून पर आमुख कथा के साथ साथ हिमाचल के गुणी बांसुरीवादक राजेंद्र सिंह गुरंग से बातचीत है। यह बातचीत भी शिक्षा के सच्चे, गहन और वृहद् अर्थों को उद्भासित करती है। मेरी प्रिय कहानी में सुंदर लोहिया को प्रस्तुत करते हुए हमें प्रसन्नता है। साहित्यकार और कार्यकर्ता के तौर पर लोहिया युवा पीढ़ी के आदर्श हैं। विख्यात आलोचक चिंतक रमेश कुंतल मेघ के रेखांकन छापना हमारे लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है। ये रेखांकन साठ वर्ष पूर्व उनकी युवावस्था के भावालोड़न हैं। आवरण को देश के विख्यात चित्रकार जे पी सिंघल की कृति से सजाने का सुअवसर पाना तो मानो सोने पे सुहागा है। आवरण के भीतरी पन्ने पर रंगीन चित्र विजय शर्मा की पहाड़ी कलम का कमाल है। इस बार कला-साहित्य के कुछ आयोजनों को कला-परिक्रमा में दिया जा रहा है। प्रदर्शनधर्मी कलाओं को हम समादृत करना चाहते हैं। विचार मंथन में केशव की कहानी पर और रेखा के पत्र के बहाने से पत्रिका में चित्रों पर विचार-विमर्श है। कुछ स्तंभ इस बार छूट गए हैं। अंक भी देरी से आ रहा है। इसके लिए हम क्षमाप्रार्थी हैं।

Tuesday, July 13, 2010

नालेज वालेज

मेरी पिराबलम बोले तो मालूम क्या है? मैंने इतना कागज खा ले लिया है न कि मेरे को नॉलेज बहोत हो गएला है। जो कागज मैं खाती है न, वो कोरा नई होता है। कोरा कागज तो पैसा दे के मिलता है। जो कागज छपेला होता है वो ई च रद्दी में बिकता है। उसमें नॉलेज की बात रहता है पन रद्दी में जाता है। मेरे को जादातर वो ई कागज मिलता है खाने को। और छपेला कागज दिमाग में जमा होता है रे। बोले तो कागज तो पेट में जाता है, गू बनने को। पन उसका छपेला अक्षर का दिमाग में दही बन जाता है। जब ये दही जादा हो जाता है न तो मेरा मुसीबत!! बाप रे बाप!!! तबी मेरे को कुछ लेक्चर देना ही मांगता। नहीं बोलेगी तो बिमार पड़ जाएगी। अभी सड़क पर बिमार गाई पड़ी रहेगी तो अच्छा लगेगा क्या? सारा ट्रैफिक रुक जाएंगा। लोग मजाक बनाएंगा। इस वास्‍ते, शहर की इज्जत के वास्ते मैं बिमार नहीं पड़ती। खड़ी रहती है अक्खा टाइम।

Friday, July 9, 2010

वर्षा अंक




हिमाचल मित्र का वर्षा अंक देर से ही सही (हर बार की तरह), आ गया है. करीब पैंतालीस लेखकों की रचनाओं और जे पी सिंघल, विजय शर्मा के चित्र और रमेश कुंतल मेघ के रेखाचित्रों से सजे 108 पृष्‍ठों के इस अंक की विषय सूची यहां दी जा रही है. अगर व‍िषय सूची देखकरआपको इसे पढ़ने का मन करे तो हमें अपना पता यहां ईमेल करें - himachalmittra@gmail.com हम आपको अंक भेज देंगे.

आमुख कथा – शिक्षा का अधिकार - उज्जवल भविष्य की उम्मीद : शिरीश खरे॥

बातचीत - बांसुरी वादक राजेंद्र सिंह गुरंग॥

लोक संस्कृति - हिमाचली लोक साहित्य में मुक्तक गीत : कृष्ण चंद्र महादेविया॥ हिमाचली कोकिला - वर्षा कटोच॥ लाहौल स्पिति में विवाह समारोह के दौरान खान-पान : उरज्ञान छैरिंग मैलगपा॥

अनुगूंज – छत्‍तीसगढ़ की संस्‍कृति : शरद कोकास ॥

मेरी प्रिय कहानी – सतखसमी : सुंदर लोहिया॥ टिप्पणी : निरंजन देव॥ बातचीत : मुरारी शर्मा॥ कल्पना की उड़ान ने खिंचवाई रेखाएं : रत्नचंद रत्नेश॥ रमेश कुंतल मेघ के रेखांकन॥ कविताएं : जसवंत सिंह विरदी॥ कुलदीप शर्मा॥ भास्कर चौधरी॥ हंसराज भारती॥ सिद्धेश्वर सिंह॥ कहानी : बद्री सिंह भाटिया॥ परिचर्चा - साहित्यकार, साहित्य और समाज : एस.आर.हरनोट॥ सुरेश सेन निशांत॥ मुरारी शर्मा॥

विचार मंथन 1- कुछ भी (क्यों) नहीं देखा – केशव की कहानी: सुधीर भड़कमकर॥ केशव॥ निरंजन शर्मा॥ मधुकर भारती॥ विचार मंथन 2- पत्रिका की साज सज्जा: रेखा॥ हरि मृदुल॥ मनोज शर्मा॥

पहाड़ी कलम- पहाड़ी अनुवाद के साथ हिंदी कविता - स्थित प्रज्ञ : यश मालवीय॥ केशो ज्ञानी की कुंडलियां॥ पवनेंद्र पवन दे छंद॥ रेखा ढडवाल दे गीत॥ गल सुणा : अनूप सेठी॥ चाचू भतीजू: गप्पी डरैबर॥ वातायन खुले रखने होंगे (पहाड़ी भाषा पर चर्चा) : डॉ. गौतम व्यथित॥ डॉ. प्रत्यूष गुलेरी॥ कुछ समरूप बोलियां : केशवचंद्र॥

करियर कैफे- सुदर्शन वात्यायन॥

भूगोल से आगे- एक अनूठा विचार मंदिर : राजीव त्रिगर्ती॥ नूरपुर का नगीना : बी कृष्णा॥ पझोता आंदोलन : आचार्य ओमप्रकाश राही॥ छात्र समीक्षकों के बीच: मोहन साहिल॥

यात्रा- हिमाचल दर्शन : शैलेश सिंह॥

आस्वाद और परख- मनोज शर्मा की कविताओं पर तरसेम गुजराल॥ कैलाश आहलूवालिया की कहानियों पर महमूद अयूबी और डॉ. परेश॥ वेद राही के डोगरी हिंदी उपन्यास पर अग्निशेखर॥ केशव के अंग्रेजी उपन्यास पर ईषिता आर. गिरीश॥ रमेश उपाध्याय के निबंध पर डॉ. वत्सला शुक्ल॥

कला परिक्रमा में जे पी सिंघल और विजय शर्मा की चित्र प्रदर्शनी, रमा वैद्यनाथन के नृत्‍य, दयाल प्रसाद निर्देशित नाटक, मोहित चौहान की एलबम, सेतु और संबोधन पत्रि‍काओं पर टिप्‍पणियां ॥ गतिविधि॥ वैवाहिकी॥

परिवर्तन की पदचाप : आर. बी. राणा॥

Thursday, July 1, 2010

भूख

मेरी पिराबलम बोले तो मालूम क्या है? अक्खा दिन मेरे कू कागज खाना पड़ता है। काए कू ? बोले तो सड़क पर घास नहीं उगता है न। इसी के वास्‍ते। अब तुम यह पूछेगा कि कागज जास्ती खाती है कि पिलास्टिक, तो बताना जरा मुसकिल गिरेगा। वो इस वास्‍ते कि जभी भूख लगी हो तभी जो भी मिल जाए, खाना ई च पड़ता है। तू बोल, दिल पे हाथ रख के बोल, भूख लगने पर खाता है कि खाने का टेम हो गएला है, इसके वास्ते खाता है। दूसरा बात भी है रे। भूख लगने पर तेरे पास चॉइस है क्या? यह खाएंगा वो नहीं खाएंगा? कि खाना ई च नईं है? बहोत लोक है हमारे महान मुलुक में, जिनको एक टैम भी खाना नसीब नहीं होता। पर जाने दे। मैं तो गाई माई है। हज्‍जार साल से सब लोक मेरी पूजा करते। मैं ई कागज और पिलास्टिक खाती है तो दूसरे के बारे में क्या बोलेगी।

Friday, June 25, 2010

बारिश का स्‍वागत


एक और कोशिश

गोवर्धन अंगुली पर धारा, पांचाली का चीर बढ़ा आता
मात पिता, गुरू, बंधु, सखा आशीष, ज्ञान, प्रेम मिल जाता
बुद्ध, मार्क्‍स, गांधी का साया सिर पर, जीवन राह दिखाता
क्‍यों सखी साजन, न सखी यह अति सुंदर तम-हर छाता

Thursday, June 24, 2010

बारिश का स्‍वागत

चित्र साभार


मुंबई में अंबर बरस रहा है मजे से. निचले इलाकों में पानी भी भर रहा है, आटो टेक्‍सी वाले भी एक डेढ दिन रूठे रहे. पर सारी जनता मस्‍त है. सामान्‍य स्‍थिति होती तो अब तक चिल्‍ल पौं मच गई होती. पिछले साल की कम बारिश और उसके बाद पानी की कम आपूर्ति से सब सहम गए हैं. आखिर पानी की कुछ तो वकत पड़ी. इसी ख्‍याल से यहां छाते और बारिश की बात की थी. अमीर खुसरो को याद करते हुए. गजल गो द्विजेंद्र द्विज ने उस बात को अपने अंदाज में रखा. अब देखिए बर्फ के प्रदेश लाहुल स्पिति से संजीदा युवा कवि अजेय ने यही ख्‍याल अपने अंदाज में रखा है.

सर धर लो तन भीग न पाता
कड़ी धूप में छांह दे जाता
छड़ी बने डर पास न आता
क्‍यों सखी साजन, न सखी छाता

Sunday, June 20, 2010

बारिश का स्‍वागत

भाई द्विजेंद्र द्विज ने छाते की महिमा जरा दूसरे ढंग से गाई है. जरा देखिए तो -

छरहरा छड़ डर पास न आता
ओढ़ो तो तन भीग न पाता
धूप में छाया भी दे जाता
क्यों सखी साजन? न सखी छाता

Thursday, June 17, 2010

बारिश का स्‍वागत




सिर पर धर लो तन भीग न पाता

हो जब धूप कड़ी तब छाया दे जाता

छरहरी छड़ी बने डर पास न आता

क्‍यों सखी साजन न सखी छाता


रेखांकन सुमनिका का और पंक्तियां अमीर खुसरो की याद में


Wednesday, June 2, 2010

कवि होना उतना ही कठिन है जितना एक अच्छा इन्सान होना




कवि मोहन साहिल की शिमला से करीब चालीस किलोमीटर दूर ठियोग कस्‍बे में चाय की दुकान है. पिछले दिनों कुल्‍लू में एक सेमिनार हुआ जिसमें एस आर हरनोट, अजेय, सुरेश सेन निशांत, मोहन साहिल, ईषिता गिरीश आदि की रचनाओं पर डिग्री कालेज के छात्र-छात्राओं ने परचे पढ़े. इस प्रोग्राम में छात्र ही समीक्षक थे. हिमाचल मित्र के लिए मोहन साहिल ने इसकी रिपोर्ट लिखी. इस रिपोर्ट में कवि और कविता के बारे में मोहन के विचार भी थे. लगा कि इन बातों को यहां भी रखा जाना चाहिए. यह एक ठेठ पहाड़ी कस्‍बे में छोटी सी चाय की दुकान चलाने वाले कवि के विचार हैं. कवि का पेशा बताने का मकसद यह कि आलकल ज्‍यादातर कवि बाबू किस्‍म की छोटी बड़ी नौकरियों में हैं. हिमाचल के दो और कवि अजेय और सुरेश सेन निशांत भी इधर सबका ध्‍यान खींच रहे हैं. वे भी सरकारी नौकरी में हैं. ऐसे में मोहन के विचारों को पढ़ना दिलचस्‍प है.

कवि भी एक साधारण इन्सान है जो रोजमर्रा की उन सभी बातों का सामना करता है जो बाकी सभी लोग करते हैं। मगर कवि होना उतना ही कठिन है जितना एक अच्छा इन्सान होना। कवि का एक अपना संसार है जिसमें वह अपना न्यायाधीश स्वयं है। कवि अपनी गलतियों की सजा स्वयं को देता है। दोबारा गलती न करने की कसम खाता है। कवि के मन-मस्तिष्क में एक युद्ध सदा चलता रहता है। इस युद्ध में वह कई बार घायल होता है मगर स्वयं को मरने नहीं देता। क्योंकि वह उपचार भी जानता है। बाहरी तौर पर लगता है कि एक कवि अभावों, उदासी तथा बेचैनी का शिकार है मगर यह स्थिति एक मधुमक्खी के छत्ते की तरह है जिसके भीतर लगातार शहद बन रहा है। यह शहद कविताओं के रूप में लगातार टपकता रहता है और कवि मन अपने आसपास के हर अच्छे-बुरे अनुभवों का पराग एकत्र करता रहता है। अच्छी कविता की रचना के लिए स्वयं को अच्छा बनाए रखना बड़ी चुनौती है और इसके लिए वह सब खोना पड़ सकता है जो आम व्यक्ति पाना चाहता है। दुनिया के बहाव के साथ चल पाना और सब कुछ होते रहने देना कवि को मन्जूर नहीं। कवि की पीड़ा, उसका आन्तरिक संघर्ष, समाज तथा धरती के हर जीव, निर्जीव के लिए उसकी संवेदनाएं ही उसकी पूंजी है। यह पूंजी खो न जाए यही कवि का सबसे बड़ा भय है। यह भय आज के दौर में और भी ज्यादा है क्योंकि इसी पूंजी को बचाना मुश्किल हो रहा है। अगर यह पूंजी है तो कविता स्वयं आती है। कवि एक नट की तरह है जिसका हर कदम रस्सी पर सही पड़ना चाहिए। अगर वह ऊंचाई से एक बार गिरता है तो उसके भीतर की सब कोमलताएं मर सकती हैं। कवि क्या काम करता है कहां रहता है यह सब बेमानी है। असली संसार उसके भीतर है जिसे कोई नहीं छू सकता, न नष्ट कर सकता है। इस संसार को कवि स्वयं ही चाहे तो उजाड़ ले।