Saturday, October 2, 2021

हाशिए की मुश्किलें


 

हिमाचल प्रदेश के दैनिक समाचार पत्र 'दिव्य हिमाचल' में इन दिनों प्रदेश के साहित्यिक माहौल और लेखन पर विचार विमर्श चल रहा है। रेखा डढवाल इस श्रृंखला का संपादन कर रही हैं। 26 सितंबर के रविरायीय परिशिष्ट में इस विमर्श में मैंने भी अपनी बात रखी जो 'हाशिए की मुश्किलें' शीर्षक से छपी और यहां नीचे प्रस्तुत है। 


यूं तो साहित्य की समाज में उपस्थिति नजर नहीं आती पर रहती जरूर है, भले ही अगोचर हो। इसी तरह, दूसरी तमाम चीजों की तरह साहित्य की भी अपनी सत्ता होती है। यह आम आदमी को सीधे नहीं दिखती। ज्यादातर इसकी जद में केवल वही व्यक्ति आता है जो साहित्य कर्म में लगा हो। साहित्य के भी सत्ता केंद्र बनते हैं, जिनके केंद्र में साहित्यकार होते हैं, लेकिन वे ताकत अन्य कई प्रकार के उपक्रमों से पाते हैं। जैसे विश्वविद्यालय, प्रकाशन गृह, पत्रिकाएं, पुरस्कार, सरकारी योजनाएं, आदि। इसी तरह जैसे पहले इलाहाबाद एक बड़ा केंद्र था, फिर दिल्ली पहले साहित्य का केंद्र बना और फिर साहित्य का गढ़ बन गया। चूंकि साहित्य के पाठक ज्यादा नहीं हैं, इसलिए वे साहित्य की सत्ता का कारक नहीं बन पाते हैं। इसके अलावा हिंदी में लोकप्रियता को श्रेष्ठ साहित्य का विलोम मान लिया जाता है। इसलिए और भी लोकतांत्रिकीकरण नहीं हो पाता है। 

ऐसे परिदृश्य में साहित्य के केंद्र और परिधियां बनती हैं। जो लेखक केंद्र से जितना दूर है, यानी परिधि पर है या परिधि से बाहर है या हाशिए पर है, उसके लिए साहित्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना उतना ही कठिन है। हालांकि यह छल-छद्म सरीखा विभाजन है। साहित्य कर्म में इसकी उतनी भूमिका नहीं है। 

इसी तरह साहित्य की मुख्य धारा होती है। मुख्यधारा के लेखन की प्रवृत्तियों के आधार पर लेखन की श्रेणियां बनती हैं। यहां भी मुख्यधारा और गौण धारा जैसा विभाजन हो जाता है। मुख्यधारा का संबंध ज्यादातर अपने समकाल से होता है। कोई भी दौर अपने वक्त के बड़े मसलों पर फोकस करता है या कहें कि हर दौर की अपनी बहसें चलती हैं, उसी से मुख्यधारा बनती है। यह मुख्यधारा अपनी साहित्य परंपरा का हिस्सा ही होती है। 

मुझे लगता है कि साहित्य के बड़े केंद्रों से दूर बैठा व्यक्ति कई स्तरों पर जूझता है। वह उत्साह बढ़ाने वाले बाहरी माहौल के लिए तरसता है। वैसे यह कमी बड़े केंद्रों में भी बनी रहती है। वहां भी कई ऐसे कोने अंतरे होते हैं जहां कई साहित्य कर्मी दुबके रहते हैं। निजी तैयारी का माहौल, मौका और साधन जुटाना भी आसान नहीं है। यूं देखा जाए तो आज के दौर में हिमाचल प्रदेश तमाम साधनों की दृष्टि से मुख्यधारा के समकक्ष ही है। फिर भी जो गतिविधि शिमला और मंडी में चलती है, और कुछ सालों से कुल्लू में चल रही है, वह कांगड़ा, ऊना, सोलन, हमीरपुर या बिलासपुर में नहीं है। यूं हर शहर में देखें तो कवियों कहानीकारों की संख्या कम न होगी; भाषा अकादमी के रजिस्टर में भी संख्या भरपूर होगी। 

हमारे प्रदेश के उन्हीं लेखकों की आवाज वृहत्तर हिंदी समाज तक पहुंच सकी है, जो अपने युगबोध के प्रति सजग रहे हैं; जिनकी रचनाओं में समकाल के साथ मुठभेड़ है; अपनी बात को सलीके से कहने की बेचैनी है; जिन्होंने अपनी भाषा को मांजने के गहन प्रयास किए हैं। यूं सत्ता केंद्रों में जगह-जगह लटकी खूंटियों के सहारे किंचित जगह पाने वाले भी बहुतेरे हैं, पर उनका लेखन मुख्यधारा में शामिल हो सकने की गवाही नहीं देता है। ऐसे लेखकों की भी कमी नहीं है जो साहित्य कर्म से शौक की तरह जुड़े होते हैं। वे अपने रचे हुए आनंद संसार में विचरण करते रहते हैं। 

परिधि पर रह रहे लेखकों की कई शिकायतें होंगी। सत्ता केंद्रों और मुख्यधारा की मौजूदगी के बावजूद कहीं कोई अदालत नहीं है, जहां पीड़ित या दर-किनार पड़ा साहित्यकार न्याय की मांग कर सके। उसकी शिकायतें हो सकती हैं, बहुत सी जायज भी हो सकती हैं। लेकिन उसे खुद ही उनका हल ढूंढ़ना होता है। इसके उलट साहित्य कर्मी से अपेक्षाएं कहीं ज्यादा होती हैं। वह अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा, तभी उसकी बात दूर तक पहुंचेगी। 

इस बिंदु पर आकर हम कह सकते हैं कि इस पृष्ठभूमि में साहित्य कर्मी का आंतरिक संघर्ष ही उसे रास्ता दिखा सकता है। संघर्ष में सफलता उसकी आंतरिक तैयारी पर निर्भर करती है। बने-बनाए ढांचे से साहित्यकार नहीं बनते। हर एक को अपना रास्ता खुद बनाना पड़ता है। मेरा मानना है कि इस तैयारी में उसे अपनी परंपरा को आत्मसात करना पड़ता है; अपने समकाल को समझने की हरचंद कोशिश करनी पड़ती है। बने-बनाए ढांचे और सांचे उसकी इस यात्रा को भरमाते हैं, रोकते हैं, उसे पीछे खींचते हैं। इस आंतरिक तैयारी में हर लेखक को अपनी भाषा पर मेहनत करनी पड़ती है। यह आसान नहीं है। भाषा सिर्फ शब्दावली और व्याकरण और वाक्य रचना नहीं है। अभी हाल में असगर वजाहत ने स्वयं प्रकाश के संदर्भ में जिंदा भाषा का मर्म समझाया था। हर लेखक को अपनी जिंदा भाषा अर्जित करनी होती है। वह सारी परिधियों, हाशियों, सत्ता केंद्रों, गढ़ों, मठों और मठाधीशों को पार करते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज करवा ही लेती है। उसे कोई रोक नहीं सकता।


No comments:

Post a Comment